मिर्जापुर। अष्टभुजा निरीक्षण गृह में शनिवार को त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 के लिए निर्वाचक नामावलियों का वृहद पुनरीक्षण के प्रगति की जानकारी ली। राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश के विशेषाधिकारी व विभागाध्यक्ष राज्य निर्वाचन आयोग डाॅ. अखिलेश कुमार मिश्र ने मंडल के तीनों जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। कहा कि डुप्लीकेट मतदाताओं का पारदर्शिता के साथ भौतिक सत्यापन कराएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम एक से अधिक जगह पर यदि जुड़ा हैं तो उसे हटाया जाए। बिना फिजिकल वेरीफिकेशन के किसी का नाम न काटें। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तहसीलदार, मतदान केन्द्रवार नियुक्त बीएलओ व पर्यवेक्षक से संबंधित आधारभूत सूचना, बीएलओ मोबाइल एप वर्क अप्रूवल स्टेटस आदि की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के पूर्व सही व शुद्ध मतदाता सूची बने ताकि शान्तिपूर्ण व सकुशल निर्वाचन सम्पन्न कराया जा सके। बैठक मे जिलाधिकारी मिर्जापुर पवन कुमार गंगवार, जिलाधिकारी भदोही शैलेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी भदोही बाल गोविन्द शुक्ल, अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह उपस्थित रहें।
जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा कौमी एकता सप्ताह
मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को 19 नवंबर से 25 नवम्बर 2025 तक कौमी एकता सप्ताह मनाए जाने के लिए तिथिवार अधिकारियो की जिम्मेदारी तय की गई।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने तिथिवार निर्धारित कार्यक्रम के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि जिस अधिकारी को जो दायित्व सौंपा गया है। वे कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित कराएं। कहा कि 19 नवम्बर को राष्ट्रीय अखण्डता दिवस का आयोजन होगा। 20 नवम्बर को अल्पसंख्यक कल्याण दिवस, 21 नवम्बर, को भाषाई सद्भावना दिवस, 22 नवम्बर को कमजोर वर्ग दिवस, 23 नवम्बर, को सांस्कृतिक एकता दिवस, 24 नवम्बर को महिला दिवस तथा 25 नवम्बर को संरक्षण दिवस का आयोजन किया जाएगा। बैठक में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक कुमार त्रिपाठी, प्राचार्य जीआईसी राजकुमार दीक्षित, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग जर्नादन यादव, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय आदि उपस्थित थे।