- होम डिलीवरी ठप, सिलिंडर के लिए 30 किमी तक भटकने को विवश हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज । क्षेत्र में रसोई गैस आपूर्ति चरमरा गई है। क्षेत्र के विंध्य भारत गैस एजेंसी से जुड़े करीब एक लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को सिलिंडर के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालात यह हैं कि होम डिलीवरी ठप है। उपभोक्ता खुद सिलिंडर लेने को एजेंसी के गोदाम पर पहुंचने के लिए मजबूर हैं। उपभोक्ताओं को 30 किमी दूर से भी सिलिंडर लेने जाना पड़ रहा है।
लालगंज, हलिया, राजगढ़, मड़िहान, घोरावल और विजयपुर समेत छह ब्लॉकों में गैस संकट गहराता जा रहा है। मुख्य एजेंसी हलिया में संचालित होने से दूरदराज के उपभोक्ताओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। अतिरिक्त व्यवस्था के नाम पर केवल पतारकला में डिलीवरी पॉइंट बनाया गया है जो भीड़ के सामने नाकाफी साबित हो रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एक सिलिंडर के लिए पूरा दिन खराब हो रहा है। ऊपर से किराए का अतिरिक्त बोझ अलग। मजबूरी में यह परेशानी झेलनी पड़ रही है क्योंकि कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अतिरिक्त डिलीवरी पॉइंट नहीं बनाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि लालगंज समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर तत्काल नए वितरण केंद्र खोले जाएं और होम डिलीवरी व्यवस्था को शीघ्र बहाल की जाए। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। एजेंसी मैनेजर मंटू सिंह ने बताया कि लालगंज में भी नया डिलीवरी पॉइंट शुरू करने की तैयारी चल रही है। फिलहाल दो ही स्थानों से गैस सिलिंडर बांटी जा रही है। इससे दबाव बढ़ गया है।
-
इनसेट
शादियों के लिए मिलने वाली 48 लाभार्थियों की सूची जारी
उप जिलाधिकारी सदर गुलाबचंद्र ने शादी के लिए सिलिंडर की मांग करने वाले 48 लाभार्थियों की सूची एजेंसियाें को जारी कर गैस सिलिंडर देने को कहा है। उन्होंने कहा कि आवेदनों के हिसाब से संबंधित को सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए।