अहरौरा। स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत नगर में घनी आबादी वाले इलाकों की संकरी गलियों की सफाई व्यवस्थित करने के लिए पालिका प्रशासन ने मिनी जेसीबी तथा हाईवा खरीदा है। अब उन इलाकों में सफाई के लिए बेहतर कार्य होगा।
पालिकाध्यक्ष गुलाब मौर्य ने शनिवार को फीता काटकर नए उपकरणों का उद्घाटन किया। पालिका कार्यालय में शनिवार को 40 लाख रुपये की अनुमानित लागत से क्रय मशीनों को पूजनोपरांत कार्य में लेने की औपचारिकता पूरी की गई। इस संबंध में पालिका कर्मियों ने बताया कि बढ़ती आबादी के चलते पालिका के लिए कूड़ा निस्तारण एक गंभीर समस्या बनी रहा है। घनी आबादी वाले इलाकों में इस मिनी जेसीबी से कूड़ा उठान में सफलता मिली तो अन्य इलाकों में भी इस उपकरण की मदद से सफाई कराई जाएगी।
अधिशासी अधिकारी नवनीत सिंह ने बताया कि लगभग 24 लाख रुपये की लागत से मिनी जेसीबी पालिका द्वारा क्रय की गई है। बड़ी जेसीबी की अपेक्षा कम डीजल खर्च में इस मशीन से ज्यादा कार्य लिया जा सकेगा। इसके अलावा नगर क्षेत्र का कूड़ा एमआरएफ सेंटर में डंप करने के लिए हाईवा भी खरीदा गया है। जिसकी अनुमानित किमत 16 लाख रुपये है। अब नगर को गंदगी की समस्या से निजात मिलेगी।