हलिया। चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शीतला दरबार भक्तों से गुलजार रहा। श्रद्धालुओं ने बृहस्पतिवार को मां चन्द्रघंटा स्वरूप का दर्शन किया। काफी संख्या में आस्थाधाम पहुंचे भक्त मां शीतला के दर्शन के लिए भोर से ही कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
कोरोना संक्रमण के बीच श्रद्धालुओं ने अनुशासित ढंग से दर्शन-पूजन किया। मंदिर के गर्भ गृह का कपाट बंद होने के कारण श्रद्धालुओं ने मां का झांकी दर्शन किया। सेवटी नदी में स्नान कर सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनीं शुरू हो गयीं। प्रसाद के रूप में हलवा, पूड़ी, फल, मिष्ठान का मां शीतला को भोग लगाया। मां शीतला धाम की मान्यता है कि यहां स्थित कुंड के जल के लेप से खसरा जैसे रोग से छुटकारा मिलता है। यही कारण है कि भक्त शीशी, बोतल में जल भरकर अपने साथ ले जाते हैं। मां शीतला धाम में अव्यवस्था का बोलबाला रहा। पेयजल की उचित व्यवस्था न होने से श्रद्धालु पानी के लिए इधर-उधर भटकते दिखे। शौचालय क्षतिग्रस्त होने से मेला में आए महिलाओं को परेशान होना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन के प्रकाश चंद्र शुक्ल सीसीटीवी कैमरे पर जहां नजर गड़ाए रहे, वहीं प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह दलबल के साथ दर्शनार्थियों को दर्शन कराने में जुटे रहे।