मिर्जापुर। प्रयागराज के स्वरुप रानी अस्पताल में भर्ती गैंगरेप पीडि़ता की मौत होने के बाद उसका शव मंगलवार की शाम को उसके पैतृक आवास पर पहुंचा। जिले की बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद मौत की घटना से लोगों में जबरदस्त आक्रोश दिखा। घर पर शव आने पर लोग पहुंच कर परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही आरोपितों पर कार्रवाई के साथ परिवार को मुआवजा देने की मांग की। एहतियातन मौके पर कटरा कोतवाली, देहात कोतवाली, महिला थाना पुलिस के साथ एसडीएम सदर और सीओ सिटी मौके पर मौजूद रहे। डेढ़ घंटे बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए चौबे घाट पर लेेकर गए।
जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने सप्ताह भर पूर्व प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में आपरेशन के दौरान डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों पर गलत काम करने का आरोप लगाया था। युवती ने वीडियो बनाने के साथ हाथ से भी लिखकर आरोप लगाया था। इसके बाद भी पीडि़त परिवार की सुनवाई नहीं हो सकी। मामला दिन प्रतिदिन बढ़ता चला जा रहा था कि मंगलवार को पीडि़ता ने दम तोड़ दिया। पीडि़ता के मरने के बाद प्रयागराज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलवार को पीडि़ता की मौत के बाद उसका शव पैतृक आवास पर आया। एहतियात के तौर पर एसडीएम सदर गौरव श्रीवास्तव, सीओ सिटी प्रभात राय कटरा, देहात, और महिला थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचेे। इस दौरान प्रयागराज में पीडि़ता को न्याय दिलाने की मांग करने वाले आयुष प्रियदर्शी, गौरव केशरी, पीयूष कसेेरा, अंकित दुबे और राजकुमार ने पांच सूत्री ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। इसमें सीएमओ को निलंबित करने, दोषियों पर कार्रवाई करने और सीबीआई जांच की मांग की।
विधायक ने दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
गैंगरेप मामले में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता की। इस संदर्भ में जो भी दोषी लोग हैं, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।