महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला क्षय रोग केंद्र पर लायंस क्लब मिर्जापुर के सहयोग से 51 क्षय रोगियों को फल वितरित किए गए। सेवा सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में मरीजों को केले, सेब, अनार और नाशपाती के पैकेट दिए गए। इस दौरान रोगियों के प्रति संवेदना, सहयोग और सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ओझा ने मरीजों को टीबी के लक्षणों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार पूरा करें। टीबी का उपचार निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने टीबी और एचआईवी के संबंध की जानकारी देते हुए कहा कि आवश्यकता और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीबी रोगियों की एचआईवी जांच भी कराई जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि यौन रोग और एड्स से संबंधित दवाएं जिला अस्पताल में निशुल्क उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में लायंस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार मैनी, सचिव प्रशांत अग्रवाल, निर्भय अग्रवाल, मीनू अग्रवाल समेत अन्य सदस्य और जिला क्षय रोग केंद्र के कर्मचारी मौजूद रहे।