चुनार के छिकरहवा नदी में डूबने से मृत रितेश पटेल की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
भावां। चुनार के सरसों सेमरी रपटा के पास छिकरहवा नदी में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया युवक पैर फिसलने से डूब गया। उसके डूबने पर दोस्त उसे छोड़कर चले गए।
पुत्र के लापता होने से परेशान पिता ने खोजबीन के बाद दोस्तों से पूछताछ किया तो डूबने का पता चला। रविवार को युवक का शव घटनास्थल से 600 मी. दूर बरामद हुआ।
वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के परमानंदपुर निवासी भानु पटेल ने बताया कि उसका पुत्र रितेश पटेल (23) 29 अगस्त की सुबह घर से लापता हो गया था। देर रात घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू हुई। 30 अगस्त को उसके मित्र सोनू से पूछने पर जानकारी मिली कि रितेश पटेल अपने तीन दोस्तों हिमांशु, पंकज और सोनू के साथ पिकनिक मनाने गया था।
चुनार के सरसों सेमर रपटा के पास छिकरहवा नदी में नहाते समय पैर फिसलने से पानी की तेज बहाव में रितेश बह गया। उसके डूबने पर उसके साथी घर चले आए। इस बात की जानकारी किसी को नहीं दी। अगर समय रहते पुत्र के डूबने की सूचना मिलती तो शायद उसे बचाया जा सकता था।
शनिवार को पुलिस को सूचना दी गई। चुनार पुलिस के साथ देर रात तक खोजबीन की गई। रविवार की सुबह पुलिस को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। दोपहर 12 बजे के करीब घटनास्थल से 600 मीटर दूर नदी में रितेश का शव उतराता मिला। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि छिकरहवा नदी में शव उतराता मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का पता चलेगा। संवाद