राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के निकरिका गांव में बुधवार की सुबह चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
निकरिका गांव निवासिनी फुलवंती देवी (52) मड़िहान तहसील में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थीं। बुधवार को फुलवंती देवी मड़िहान तहसील ड्यूटी जाने के लिए निकलने की तैयारी कर रही थी। उनका मोबाइल फोन नहीं मिल रहा था। चर्चा है कि मोबाइल खोजने को लेकर बेटी के साथ कहासुनी हुई। गुस्से में आकर फुलवंती देवी कमरे में गईं और दुपट्टे से फंदा लगा लिया। घरवालों की चीख-पुकार सुन कर इकट्ठा हुए लोगों की सहायता से दरवाजा तोड़कर फांसी के फंदे से झूल रही फुलवंती देवी को उतारकर राजगढ़ सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर मड़िहान एसडीएम मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उनके पति मड़िहान तहसील में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी थे। उनकी मौत के बाद मृतक आश्रित कोटे पर फुलवंती को नौकरी मिली थी। मृतका को पांच बेटियां हैं। जिसमें बड़ी बेटी की शादी हो गई। है।