मिर्जापुर। जिले में इस समय गेहूं की खरीद चल रही है। इसी बीच खाद्य विभाग ने बिना अधिकारियों को सूचना दिए ही सदर तहसील के चार क्रय केंद्रों को बदल दिया। मंडी के तीन केंद्रों को लालगंज और गैपुरा के एक क्रय केंद्र को मड़िहान भेज दिया। बृहस्पतिवार को लालगंज के जॉइंट मजिस्ट्रेट ने जब लालगंज के थरपरसिया क्रय केंद्र का निरीक्षण किया तो उन्हें जानकारी हुई कि मंडी परिसर के केंद्र लालगंज में आ गए हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई कि उनको जानकारी तक नहीं दी गई। उन्होंने इस संबंध में केंद्र प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
नगर के जंगीरोड स्थित खाद्य विभाग के चार क्रय केंद्र चल रहे हैं। इनमें से प्रथम, द्वितीय व तृतीय को क्रमश: थरपरसिया व लालगंज भेज दिया गया है। बताया गया कि वहां पर भी किसानों की उपलब्धता है और गेहूं की खरीद अच्छी हो सकती है।
इससे यह केंद्र सोमवार से वहां संचालित होने लगे। इसी बीच बृहस्पतिवार को जब लालगंज में जॉइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह निरीक्षण के लिए पहुंचे तो उन्हें यह पता चला कि मंडी के कई केंद्र लालगंज में चल रहे हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए थरपरसिया केंद्र प्रभारी आकांक्षा शुक्ला व लालगंज क्रय केंद्र प्रथम के प्रभारी रोहित सिंह को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।