नारायनपुर में चोरों द्वारा बिखेरा गया कपड़ा आदि ।
- फोटो : MIRZAPUR
नरायनपुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के नई बस्ती बघेडा़ में शुक्रवार की रात चोरों ने 70 हजार रुपये नगदी और तीन लाख के आभूषण चोरी कर ले गए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई।
क्षेत्र निवासी राजकुमार कनौजिया शुक्रवार की रात पत्नी के साथ छत पर और तीन पुत्र व माता-पिता घर के कमरे और बरामदे में सो रहे थे। देर रात मुख्य द्वार से घर में घुसे चोर कई कमरों को खंगालने के बाद एक कमरे में रखी दो अटैची व एक बक्सा लेकर मकान का पिछला दरवाजा खोलकर बाहर से बंद कर चले गए। सिवान में चरी के खेत में जाकर बक्से व अटैची को तोड़कर कपड़ा खेत में फेंक दिया। बक्से में रखा 70 हजार नगदी और तीन लाख के आभूषण, बीमा पॉलिसी का बांड उठा ले गए। सुबह पुलिस को चोरी की सूचना दी गई। राजकुमार कनौजिया ने बताया कि तीन बहनों का भी कुछ जेवर रखा था जिसे चोर उठा ले गए। पत्नी निर्मला तीन चार-माह से बीमार चल रही थी। वाराणसी से उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टर ने आपरेशन कराने को कहा था। ऑपरेशन के लिए 70 हजार रुपये जुटाए थे। बताया कि पैसे के अभाव में अब आपरेशन कराना मुश्किल हो गया है।