ड्रमंडगंज । हलिया विकास खंड के बनवां गांव निवासी युवक की सोमवार की देर रात बीएचयू वाराणसी में इलाज के दौरान आकस्मिक मौत हो गई। युवक के मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया ।
क्षेत्र के बनवां ग्राम पंचायत के पूर्व ग्राम प्रधान दिनेश पांडेय के बड़े पुत्र 24 वर्षीय राजकुमार पांडेय को बुखार और सांस लेने में कठिनाई होने पर इलाज के लिए बीएचयू में भर्ती कराया गया था। राजकुमार पांडेय के पिता दिनेश पांडेय ने बताया कि दो-तीन दिन से उनके स्वास्थ्य में कुछ सुधार दिखाई दे रहा था। जिसके बाद चिकित्सकों ने उनको सघन चिकित्सा कक्ष से जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया था। लेकिन सोमवार की देर रात अचानक उनकी तबियत फिर से खराब हो गयी तो आनन-फानन उन्हें फिर से सघन चिकित्सा कक्ष में ले जाया गया। जहां दो बजे रात राजकुमार ने दम तोड़ दिया। मंगलवार की दोपहर परिजनों की उपस्थिति में वाराणसी के ही सामने घाट में बनाये गए कोविड दाह संस्कार केंद्र पर राजकुमार पांडेय का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक राजकुमार पांडेय विन्ध्य सार्थक हाउसिंग कारोबार से जुडे़ हुए थे। राजकुमार पाण्डेय के असामयिक निधन से उनकी पत्नी निर्मला देवी, 11 वर्षीय पुत्र मयंक, 10 वर्षीय पुत्र कार्तिकेय, सात वर्षीय पुत्री आराध्या, पिता दिनेश पांडेय, छोटे भाई प्रमोद पाण्डेय और उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। शोकाकुल बनवां गांव के लोगों ने बताया कि मृदुभाषी और निहायत सज्जन प्रकृति के धनी राजकुमार पांडेय लोगों में काफी लोकप्रिय थे ।