क्षेत्र के कालीखोह मंदिर के समीप जंगल में गुरुवार की सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण करीब दो सौ मीटर जंगल जलकर नष्ट हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस व दमकल कर्मियों को दी। सूचना पर अग्निशमन विभाग के कर्मी एवं पुलिस पहुंचकर करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पा सके।
कालीखोह मंदिर के पास स्थित जंगल से गुरुवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक धुआं उठने लगा। इससे लोगों ने समझा कि कोई पूजा कर रहा है। लेकिन देखते ही देखते जंगल धू धू कर जलने लगा और आग की लपटे ऊपर तक उठने लगी तो सभी हैरान हो गए।
मंदिर के पास आग लगने की खबर लगते ही दूकानदार अपने अपने दूकान के पास लगाए गए प्लास्टिक के कवर को खोलकर हटाने लगे। जबतक लोग पहुंचकर आग को बुझाते तबतक आग करीब दौ सौ मीटर दूर तक फैल चुकी थी। स्थिति नियंत्रित नहीं होेते देख लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग व पुलिस को सूचना दी। मौकेे पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग कैसे लगी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। कोई खाना बनाकर आग छोड़कर चले जाने की बात बता रहा है तो कोई जंगल में सिगरेट पीकर छोड़ने की बात बोल रहा है।
मड़िहान ः विधायक ललितेश पति त्रिपाठी के कठहवां फार्म हाउस स्थित आम के बगीचे एवं भावां के एक खेत में आग लग जाने से गुुरुवार को चार हेक्टेयर आम का बगीचा व आठ बीघे गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। आग से हजारों रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मड़िहान विधायक ललितेशपति त्रिपाठी का गोपलपुर ग्राम सभा के कठहवां में फार्म हाउस है। जिसमें आम का बगीचा है। गुरुवार की दोपहर अचानक एक पेड़ में आग लग गया। जिससे आसपास के पेड़ धू धू कर जलने लगे। आग लगने की खबर लगते ही फार्म हाउस में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाया लेकिन तबतक चार हेक्टेयर का आम का बगीचा जलकर नष्ट हो गया था। इसी थाना क्षेत्र के भावां निवासी वकील के खेत में गेहूं के फसल का बोझा बनाकर रखा था। जिसमें दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आशंका जताई कि किसी ने सिगरेट पीकर फेंक दिया होगा जिससे आग लगी।