मिर्जापुर। जोगबनी एक्सप्रेस से पांच किशोरों को लेकर चंडीगढ़ और राजस्थान जा रहे तीन मानव तस्करों को आरपीएफ ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पांच किशोरों को मुक्त कराकर आरपीएफ ने चाइल्ड लाइन भेज दिया। पांचों किशोर बिहार के रहने वाले हैं। वहीं, तीनों तस्करों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ के उप निरीक्षक एके राय ने बताया कि बचपन बचाओ आंदोलन की टीम से सूचना मिली थी कि जोगबनी एक्सप्रेस में कुछ लोग मजूदरी कराने के लिए किशोरों को लेकर जा रहे है। मिर्जापुर स्टेशन पर ट्रेन पहुंची तो आरपीएफ की टीम जांच में जुट गई। जनरल बोगी में 13 से 16 वर्ष के पांच किशोरों तीन तस्करों के साथ टीम ने पकड़ा। इसके बाद सभी किशोर चाइल्ड लाइन को सौंप कर उनके परिजनों को सूचना दी गई। वहीं, पकड़े गए आरोपी राहुल कुमार, निवासी वार्ड-26, धोकर धारा वनमठी, थाना पूर्णिया, बिहार, कपिल कुमार मंडल, निवासी नवटोली रहतमीना, थाना सुरसासासा, अररिया बिहार और मुकेश कुमार, निवासी हरिनाहर जडिया, सुपौल, बिहार को मानव तस्करी विरोधी इकाई के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में आरोपियाें ने बताया कि बिहार से किशोरों को लेकर मजदूरी के लिए चंढ़ीगढ़ और राजस्थान पहुंचाना था।