राजगढ़/कलवारी। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सेमरी व सेमरा बारहों गांव में सोमवार को अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया गया। जहां से दो घायलों को रेफर कर दिया गया। उधर, कलवारी निवासी स्वास्थ्य कर्मी को बाइक सवार टक्कर मारकर फरार हो गया। इस हादसे में घायल स्वास्थ्य कर्मी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
वाराणसी निवासी मेला (36) व विजय कुमार (34) बाइक से राजगढ़ बाजार में गए थे। वहां से लौटते समय सेमरी गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर जाने से दोनों लोग घायल हो गए। राहगीरो ने राजगढ़ पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी राजगढ़ भेजवाया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। एक अन्य घटना धनसीरिया गांव के पास हुई। सेमरा बारहो गांव निवासी संतोष कुमार (35) व संत कुमार (42) दोनों सगे भाई हैं। बाइक से धनसीरिया गांव के बीच गिरकर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां भर्ती कर उनका इलाज चल रहा है। आकस्मिक ड्यूटी पर तैनात महेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि वाराणसी निवासी घायलों को बेहतर इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। सेमरा बरहो निवासी दोनों घायलों का इलाज किया जा रहा है। उधर, कलवारी बाजार स्थित घर से पटेहरा पीएचसी ड्यूटी पर जाते समय बाइक सवार स्वास्थ्य कर्मी बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। कलवारी गांव निवासी विनय कुमार सिंह पीएचसी पटेहरा में तैनात हैं। सोमवार को सुबह वे घर से बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। सड़क पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। इससे घायल हो गए। टक्कर मारने वाला बाइक सवार फरार हो गया। राहगीरों की मदद से उन्हें कलवारी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया।