नितेश निषाद व शिवाकांत निषाद प्रदेश मे गोल्ड मेडल प्राप्त खिलाड़ी।-सोशल मीडिया।
अदलहाट। लखनऊ के बाबू केडी सिंह स्टेडियम में 18 से 20 अगस्त के बीच सोमवार को पहले दिन 69 वीं राज्यस्तरीय खेलकूद तैराकी प्रतियोगिता बालक/बालिका के अंडर 17 बालक वर्ग में चुनार क्षेत्र के तैराकों ने मिर्जापुर मंडल के लिए पांच स्वर्ण व एक रजत पदक जीतकर प्रदेश में परचम लहराया है। सीखड़ ब्लॉक के ईश्वरपट्टी गांव निवासी व श्रीशिवाजी नेशनल इंका हासीपुर में कक्षा 9वीं के 15 वर्षीय छात्र नीतेश निषाद ने पहले ही दिन अपने पहले इवेंट 100 मीटर ब्रेस्ट स्टोक में स्वर्ण पदक जीता। इसके पहले नीतेश ने बेंगलुरु के वासूगुड़ी में 4 से 5 अगस्त के बीच संपन्न हुए राष्ट्रीय तैराकी स्पर्धा के सब जूनियर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।
नीतेश का सपना नेशनल में स्वर्ण पदक के साथ विश्व तैराकी में देश का प्रतिनिधित्व करना है। पहले दिन ही दूसरी सफलता ईश्वरपट्टी गांव निवासी व श्री शिवाजी नेशनल इंका हासीपुर में कक्षा 9वीं के छात्र शिवाकांत निषाद ने दिलाई।
अपने पहले ही इवेंट 100 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल की दावेदारी मजबूत की। इससे पहले अहमदाबाद में संपन्न हुए स्विमिंग नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडिया में प्रतिभाग किया था। चुनार क्षेत्र के ही विश्वनाथ आनंद ने अंडर -19 में 1500 मीटर फ्री स्टाइल में स्वर्ण व अभिशांक ने रजत पदक जीता। 400 गुणे 100 मीटर रिले स्वर्ण व रजत पदक जीत के साथ मिर्जापुर मंडल का प्रदेश में परचम लहराया।
इस कामयाबी पर मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजवन पटेल, श्री शिवाजी नेशनल इंका हासीपुर के प्रधानाचार्य विवेकानंद त्रिवेदी, खेल शिक्षक भूपेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, प्रकाश आदि ने बधाई दी है। संवाद