- चुनार पुलिस ने रविवार को दीक्षितपुर के पास से पकड़ा वाहन चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को
मिर्जापुर। चुनार पुलिस ने रविवार को दीक्षितपुर के पास से स्पोर्ट्स बाइक चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को नौ बाइक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस भी जब्त की गई है। मामले की जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा और क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा ने बताया कि पुलिस वाहन चोरी करने वाले गिरोह की छानबीन कर रही थी। इसी दौरान दीक्षितपुर के चाय की दुकान के पास से विशाल बिंद निवासी कन्हैया का पुरा उर्फ यशवंत सिंह का पुरा थाना पड़री, विकास बिंद निवासी देदवापार सरनेगुआस थाना अलीनगर, जिला चंदौली, चंद्रमा उर्फ बाबू निवासी रजौली थाना अदलहाट, गुलशन कुमार निवासी मुजडीह खेमईपुर थाना अहरौरा और लोकनाथ उर्फ लोकू निवासी ग्राम घाटमपुर थाना अहरौरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से चोरी की दो बाइक जब्त की। विशाल के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से सात अन्य बाइक बरामद की गई। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो विभिन्न स्थानों से मौका देखकर बाइक चुराता है। बाइक की नंबर प्लेट हटाकर छिपा देते हैं, ताकि किसी को संदेह न हो। बाद में चोरी की बाइक बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लेते हैं। उसी से अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
एएसपी (ऑपरेशन) ने बताया कि गिरोह के सदस्य मुख्य रूप से स्पोर्ट्स बाइक चोरी करते थे। चोरी की घटनाएं मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र में अधिक की गई हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी की बाइकों का इस्तेमाल किसी अन्य अपराध में तो नहीं किया गया।
इनसेट
किसी आरोपी पर 10 तो किसी पर 25 मामले दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा ने बताया कि गिरफ्तार पांचों आरोपियों पर पहले से ही प्राथमिकी दर्ज हैं। विशाल बिंद पर अदलहाट, चुनार, जमालपुर और चंदौली में 25 प्राथमिकी दर्ज हैं। चंद्रमा उर्फ बाबू पर अदलहाट, चुनार, वाराणसी और सोनभद्र में 11 प्राथमिकी दर्ज है। गुलशन कुमार पर अदलहाट, अहरौरा, चुनार, वाराणसी, सोनभद्र और चंदौली में 11 प्राथमिकी दर्ज हैं। इसी प्रकार विकास बिंद पर 10 तथा लोकनाथ पर 18 प्राथमिकी दर्ज है।