मिर्जापुर। कटरा कोतवाली पुलिस ने फ्लिपकार्ट के वेयर हाउस से मोबाइल चोरी करने वाले तीन आरोपी और शहर कोतवाली पुलिस ने चोरी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फ्लिपकार्ट-इंस्टाकार्ड सर्विसेज के अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि फ्लिपकार्ट के वेयर हाउस से मोबाइल चोरी करने की तहरीर दी थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि रामचंद्र गुप्ता निवासी शिवपुर थाना विंध्याचल, राकेश सोनकर निवासी छोटी बसही पक्कापुल, मुकेश सिंह निवासी पड़ेरी थाना कछवां को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। शहर कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर जयराम गिरी का बगीचा निवासी सूरज कुमार कसरो ने तहरीर देकर घर में घुसकर चोरी करने का आरोप लगाया था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। शहर कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि इस मामले में रत्नलाल मल्लाह निवासी गैबीघाट व सुमिरन दास निवासी बभनइया टोला को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पुराना पीतल के कबाड़नुमा तीन टार्च, तांबे का तार व पांच हजार रुपये बरामद किए गए।