मिर्जापुर। तीन दिन से लापता ट्रेलर चालक बसंत लाल की हत्या कर देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर चौकी अंतर्गत हरई नदी में शव फेंके जाने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रधानी के चुनाव के चलते हुई रंजीश में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन की हड्डी टूटी मिली है।
पड़री के दुल्लहपुर निवासी अरविंद उर्फ बसंतलाल (35) चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। बसंतलाल ट्रेलर चलाता था।
वह मुंबई से वेस्ट बंगाल माल लेकर जा रहा था। 17 अगस्त की दोपहर परिजन से फोन पर उसकी बात हुई थी। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।
परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की। बुधवार को करनपुर चौकी के पीछे की ओर हरई नदी में भाई बसंतलाल का शव बरामद हुआ।
मृतक के भाई पुनवासी बिंद ने तहरीर देकर भाई की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने गंगा बिंद, महेंद्र बिंद, भग्गु पाल और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन टूटी मिली है।