अदलहाट। बैकुंठपुर गांव में शराब की ठेके के पास चाट-पकौड़ी की दुकान चलाने वाले महेश केसरी के साथ मारपीट करन मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात सात नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
महेश ने तहरीर में बताया कि 20 अक्तूबर की रात नौ बजे वह अपनी दुकान पर था। तभी 10 से 12 की संख्या में लोग आए। विवाद करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए हथियार से मारपीट शुरु कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए भाई राजेश केसरी के साथ भी मारपीट की। दोनों भाइयों के सिर पर वार कर दिया। इसमें भाई राजेश के सिर के पिछले हिस्से में और उसे सिर के आगे माथे पर गंभीर चोट आई। दोनों लहूलुहान हो गए। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ कर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया।आरोपियों में वीर यादव, सुरेंद्र सोनकर, पऊआ उर्फ महेंद्र चौहान निवासी भभुआर थाना अदलहाट, आदित्य पटेल निवासी सिकियां मोड़, अनीस सोनकर, बिक्कू मुस्लिम निवासी कटका थाना अदलहाट और मुख्य आरोपी अजय यादव उर्फ मुलायम यादव निवासी भभुआर सहित अन्य अज्ञात लोग शामिल थे। थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सात नामजद सहित अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।