अदलहाट। थाना क्षेत्र के नरायनपुर स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय पर दो दिन पूर्व गाली गलौज देने अभद्र भाषा का प्रयोग करने सहित जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पशु चिकित्सा अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
राजकीय पशु चिकित्सा अधिकारी नरायनपुर रागिनी पांडेय का आरोप है कि चार जून को देवीशंकर सिंह व कृष्ण मुरारी सिंह अस्पताल पर शराब पीकर आए और पशु चिकित्सा अधिकारी, वेटनरी फर्मासिस्ट सहित पूरे स्टाफ को गालियां देने लगे। अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। उनकी हरकत से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। थानाध्यक्ष अजय कुमार सेठ ने बताया कि पशु चिकित्सा अधिकारी रागिनी पांडेय की तहरीर पर देवीशंकर सिंह व कृष्ण मुरारी सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।