चुनार से लौटते समय बैंक मैनेजर की कार को रोककर लूट की हुई कोशिश, विरोध करने पर की थी मारपीट
पकड़े गए साथी को छुड़ाने लौटे आरोपियों ने अजय के ऊपर दो बार चढ़ाई कार
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़। थाना क्षेत्र में एक्सिस बैंक में एरिया ब्रांच मैनेजर हिनौता गांव निवासी विक्रम सिंह के भाई अजय कुमार सिंह की बुधवार रात कार से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बैंक मैनेजर विक्रम सिंह की तहरीर पर पांच नवंबर को राजगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज की। नामजद आरोपियों में से एक को मौके पर पकड़ लिया गया था, लेकिन उसके पांच अन्य साथी उसे छुड़ाकर कार से फरार हो गए थे।
विक्रम सिंह तहरीर में बताया कि चार नवंबर की शाम छह बजे वह बैंक से कार चलाकर घर जा रहे थे। शाम सात बजकर 18 मिनट पर चिड़ियाघर की चहारदीवारी के पास जम्मू-कश्मीर नंबर की कार से आए छह लोगों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रोक दी। कार से उतरे लोगों ने घेर लिया और लूट के इरादे से मारपीट करते हुए गाड़ी से बाहर खींचने लगे। किसी तरह वह गाड़ी पीछे कर वहां से निकल गए और भाई अजय कुमार सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी।
विक्रम ने बताया कि जब वह चाचा पंकज के घर के सामने पहुंचे तो वहां उनके भाई अजय कुमार सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से वही छह कार सवार पहुंचे और मारपीट करने लगे। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान लोगों ने एक आरोपी रोहित पटेल उर्फ राजा निवासी कठेरवा, चुनार को पकड़ लिया। आरोप है कि उसके पांच अन्य साथी उसे छुड़ाने के लिए दोबारा कार से लौटे। वहां मौजूद लोगों को धक्का मार दिया। इस दौरान अजय जमीन पर गिर गए। आरोप है कि आरोपियों ने अजय को कुचलने के इरादे से उनके ऊपर कार चढ़ा दी।
बचाव के लिए लोग दौड़े तो आरोपी रोहित को कार में बैठाकर भागने लगे। इस दौरान आरोपियों ने दोबारा अजय के ऊपर कार चढ़ाई और चुनार की तरफ फरार हो गए। परिजन अजय को राजगढ़ स्थित सरकारी अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष बाल मुकुंद मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
इनसेट
सभी आरोपी चुनार थाना क्षेत्र के
तहरीर के आधार पर पुलिस ने रोहित पटेल उर्फ राजा निवासी कठेरवा, चुनार, आदि सिंह निवासी मिश्रपुर मुंदीपुर, थाना चुनार, अमन पटेल निवासी कठेरवा, चुनार, राहुल पटेल निवासी कठेरवा, चुनार, विशाल पटेल निवासी कठेरवा, चुनार और छोटू उर्फ शिवम सिंह निवासी मवैया, थाना चुनार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सभी आरोपी चुनार कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं।