28 फरवरी को मां विंध्यवासिनी मंदिर की घटना
विंध्याचल, मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी मंदिर में वीआईपी ड्यूटी पर तैनात पहाड़ी के नायब तहसीलदार अरविंद कुमार पांडेय ने पंडा राज मिश्रा पर पीठ पर मारने, दुर्व्यवहार करते हुए धक्का देकर बाहर निकालने और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नायब तहसीलदार की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटना 28 फरवरी की है। वहीं आरोपी पंडा राज मिश्रा पर पहले भी छेड़खानी सहित कई आरोप लग चुके हैं। विंध्याचल मंदिर पर वीआईपी ड्यूटी में तैनात नायब तहसीलदार पहाड़ी अरविंद कुमार पांडेय ने तहरीर देकर बताया कि वह 28 फरवरी को गर्भगृह में तैनात थे। रात आठ बजकर 50 मिनट पर बाहर निकल रहे थे। निकास द्वार पर मौजूद पंडा राज मिश्रा निवासी वीआईपी गेट-1 विंध्याचल उन्हें जबरदस्ती बाहर खींचने लगा। मना करने पर गाली देते हुए पीठ पर जोर से मारा। मैंने जब मारने का कारण पूछा तो धमकी दी कि भाग जाओ नहीं तो जान से मार दूंगा। मुझे जानते नहीं हो। नायब तहसीलदार की तहरीर पर पुलिस ने राज मिश्रा के खिलाफ जानबूझकर अपमानित करने, उकसाने, चोट पहुंचाने, किसी व्यक्ति को उसकी संपत्ति या प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर डराने-धमकाने आदि के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की।
..........................................
वर्जन
नायब तहसीलदार की तहरीर पर पंडा राज मिश्रा पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
नितेश सिंह, एएसपी सिटी
........................................
पंडा राज मिश्रा पर पहले से ही दर्ज है छेड़खानी की प्राथमिकी
विंध्याचल में पंडा राज मिश्रा सपा से जुड़ा है। उसका विवादों से पुराना नाता है। जून 2023 में विंध्याचल दर्शन करने आए परिवार की बहू के साथ पूजा के दौरान छेड़खानी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। अलीगढ़ से आए परिवार का आरोप था कि परिवार के लोगों ने मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजा और मां काली खोह का दर्शन किए। विंध्याचल में राज पंडा से विशेष पूजा की बात हुई। इस पर वह गेस्ट हाउस ले गया। गेस्ट हाउस पंडा ने कहा कि बहू से पूजा करा दें। इसके बाद बहू को कमरे में ले गया और कुंडी लगा दी। परिजनों का आरोप है कि राज मिश्रा ने कमरे में बहू से छेड़खानी की। बहू रोने लगी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा महिला को धमकाने का वीडियो वायरल हुआ था।
इनसेट
ऊर्जा मंत्री सहित कई मंत्री और अधिकारियों का करीबी
पंडा राज मिश्रा ऊर्जा मंत्री एके शर्मा सहित कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का करीबी है। छेड़खानी से पूर्व तक राज मिश्रा ही प्रोटोकाल और वीआईपी दर्शन कराया करता था। घटना के बाद प्रशासन ने प्रोटोकाल की जगह बदल दी। फिर भी वह अभी कई लोगों का चहेता है। बिजली निगम का बकाया या जांच करने जब भी कोई अफसर राज मिश्रा के पहुंचा या तो बताया जाता है कि उसका तबादला हो गया। या फिर विभागीय कार्रवाई।