क्लीन गंगा के लिए आयोजित कार्यक्रम में मंच पर जबरदस्ती चढ़कर सपा प्रत्याशी ने वोट मांगे। प्रिंसिपल ने पुलिस को तहरीर दी तो कोई कार्रवाई करने के बजाए, उलटे बिना अनुमति कार्यक्रम के आयोजन को लेकर पूर्व एडीजी आरएन सिंह, उनके एक सहयोगी व 600 अज्ञात लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज कर दिया।
प्रिंसिपल नवीन सिंह ने कछवां थाने में तहरीर दी है कि विद्यालय में नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान मझवां के सपा प्रत्याशी रोहित शुक्ला वहां पहुंच गए और बिना अनुमति मंच पर चढ़कर लोगों से अपने लिए वोट मांगा। मौके पर मौजूद पूर्व एडीजी आरएन सिंह ने इस पर आपत्ति जताई और प्रत्याशी से कहा कि ऐसा करके उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
उन्होंने प्रिंसिपल नवीन सिंह को प्रत्याशी के खिलाफ थाने में तहरीर देने को कहा। कुछ देर बाद कछवां थानाध्यक्ष जयंत यादव फोर्स के साथ पहुंचे और विद्यालय में खड़ी गाड़ियों को चेक करने लगे। इस पर विद्यालय प्रबंधन ने आपत्ति की तो थानाध्यक्ष ने कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति मांगी। इस बात पर काफी देर तक नोकझोंक होती रही। पूर्व एडीजी ने कहा कि यह कार्यक्रम स्कूल अपने परिसर में कर रहा है, ऐसे में अनुमति की जरूरत नहीं है।
इसमें सपा प्रत्याशी को नहीं बुलाया गया था वह जबरन अंदर आए थे और वोट मांगने लगे। उसके बाद मामला शांत हुआ। इस बारे में सपा प्रत्याशी रोहित शुक्ला का कहना है कि ग्राम प्रधानों ने मुझे बुलाया था और प्रधानों के कहने पर ही मुख्य अतिथि के आने से पहले मैने मंच पर चढ़कर अपनी बात कही। इसमें कुछ गलत नहीं है। देर शाम पुलिस ने कार्यक्रम के बिना अनुमति आयोजन को लेकर पूर्व एडीजी आरएन सिंह, उनके एक सहयोगी व 600 अज्ञात लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया है, जबकि सपा प्रत्याशी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।