मिर्जापुर। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की प्रभावी पैरवी से चार अलग-अलग मामलों में सात दोषियों को कुल 7900 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई। इनमें हलिया थाने के दो, कोतवाली शहर का एक और कोतवाली कटरा का एक मामला शामिल है।
हलिया थाने में वर्ष 2016 में दर्ज मारपीट और गाली-गलौज के मामले में सिकटा गांव निवासी खुशबूद्दीन उर्फ मौलवी, गयासुद्दीन और अदहम अली को न्यायालय न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय के न्यायाधिकारी सुमित कुमार यादव ने 1500-1500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड जमा नहीं करने पर तीनों को 10-10 दिन का साधारण कारावास भुगतना होगा।
वर्ष 2008 के एक अन्य मामले में कोटार निवासी अमरनाथ को 1000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई। अर्थदंड जमा नहीं करने पर उन्हें सात दिन का साधारण कारावास भुगतना होगा।
कोतवाली शहर में वर्ष 2022 में दर्ज सार्वजनिक उपद्रव के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह ने दोषी दिलीप केशरी और सुमित केशरवानी उर्फ सागर को 200-200 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड जमा नहीं करने पर दोनों को एक-एक दिन का साधारण कारावास भुगतना होगा।
वहीं, कोतवाली कटरा में वर्ष 2009 में दर्ज मारपीट और गाली-गलौज के मामले में छोटी बसही निवासी अशोक निषाद को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह ने 2000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड जमा नहीं करने पर उन्हें दो दिन का साधारण कारावास भुगतना होगा।