मिर्जापुर। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने बृहस्पतिवार को जिले का दौरा किया। मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर अष्टभुजा डाकबंगला में सिंचाई विभाग, नमामि गंगे व जलजीवन मिशन के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंंने जलजीवन मिशन योजना में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने को कहा।
बैठक में उन्होंने कहा कि सभी बांधों व बंधियों में यदि कहीं लीकेज हो रहा हो तो उसे प्रभावी ढंग से मरम्मत कराते हुए रोकना सुनिश्चित करें। उन्होंने अहरौरा, जरगो, सिरसी, मेजा डैम आदि बांध में पानी के लेबल आदि के बारे में जानकारी ली। सभी नलकूपों को सही ढंग से रखने को कहा। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि नलकूप या कैनाल के संबंध में कोई शिकायत की जाती है तो प्राथमिकता पर समाधान कराया जाए।
जलजीवन मिशन योजना में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कार्रवाई करने को कहा। बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत दूर-दूर बसे हुए 57 मजरे छूटे हैं जो मानक के तहत नहीं थे। उन्होंने कहा कि पुनः सर्वे कराकर छूटे मजरों को चिह्नित कर लें तथा योजना में शामिल कराने के प्रस्ताव भेजा जाए। इस अवसर पर विधायक नगर रत्नाकर मिश्र ने बाढ़ के कटान रोकने के बारे में अपना सुझाव कैबिनेट मंत्री को दिया। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि जहां बस्तियों काे कटान से खतरा हो उनका प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत किया जाए।
कटानरोधी कार्य में मानक के अनुसार नहीं मिला बोल्डर-मिर्जापुर। जलशक्ति मंत्री ने रामबाग में महर्षि दयानन्द स्कूल के पास गंगा के कटान को रोकने के लिए कराए जा रहे कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ऊबड़-खाबड ढलान से नीचे उतरकर बारीकी से कार्यों का निरीक्षण किया। एक स्टेप से दूसरे स्टेप की ऊॅंचाई का नाप कराई जो कहीं-कहीं एक मीटर व कहीं एक मीटर से कुछ कम मिला। बोल्डरों के बीच में छोटे बोल्डर व गिट्टी मानक के अनुसार नहीं थे। उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता से कहा कि मानक के अनुसार स्टेप ऊंचाई व बोल्डर लगवाना सुनिश्चित किया जाए अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल आपूर्ति का निरीक्षण कर लाभार्थियों से की बात-मिर्जापर। जलशक्ति मंत्री ने सिटी विकास खंड के गोपालपुर भोड़सर में पहुंचकर घर-घर पेयजल आपूर्ति का निरीक्षण कर लाभार्थियों से बात की। घरों में लगी टोटियों को स्वयं खोल कर पेयजल आपूर्ति की हकीकत देखी। इस दौरान शिवम विश्वकर्मा, अबरार अली सहित कई ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति की जानकारी ली। सभी ने कहा कि सुबह-शाम पानी मिल रहा है।
केंद्रीय भंडार व सड़क का किया लोकार्पण-मिर्जापुर। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नगर के पथरहिया स्थित लघु डाल नहर प्रखण्ड में 120.90 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित केंद्रीय भंडार व नलकूप खंड के कार्यालय तथा सड़कों के जीर्णोद्धार और पुनरोद्धार परियोजना का फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने लघु डाल नहर खंड कार्यालय व वहां स्थित अन्य कार्यालयों के प्रत्येक कक्ष में जाकर पटलवार निरीक्षण किया तथा संबंधित प्रधान सहायकों से वार्ता कर उनके कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष बृृज भूषण सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्याम सुंदर केसरी,भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी रामकुमार विश्वकर्मा, नितिन विश्वकर्मा आदि रहे।
स्वतंत्र देव सिंह ने किए मां विंध्यवासिनी व अष्टभुजा देवी के दर्शन -विंध्याचल। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बृहस्पतिवार को मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचे। पुरानी वीआईपी गेट नंबर एक से पहुंचे स्वतंत्र देव सिंह ने पूजन सामग्री के साथ गर्भ गृह में पहुंचकर विधि विधान से दर्शन पूजन किए। साथ ही नगर विधायक रत्नाकर मिश्र के साथ एक होटल में कुछ देर रुक कर रक्षा सूत्र बंधवाया। मां विंध्यवासिनी मंदिर के बाद त्रिकोण परिक्रमा पथ पर विराजमान महाकाली एवं अष्टभुजा देवी के दरबार में पहुंचकर माथा टेक कर अपने परिवार एवं जन कल्याण के लिए मां से कामना की।