फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह में भिड़े पंडे, जमकर घूसे- थप्पड़ चले; तीन नामजद व अज्ञात पर मुकदमा

Sat, 05 Jul 2025 11:30 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, मिर्जापुर।

सार

Mirzapur News: मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में मारपीट की घटना सामने आई है। मामले को लेकर पुलिस ने पंडों और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। 
विज्ञापन
मां विंध्यवासिनी धाम में मारपीट - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह में शुक्रवार को आधी रात तीर्थ पुरोहितों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ पंडों ने बड़े श्रृंगारिया और उनके बेटे की जमकर पिटाई की। इससे झांकी दर्शन कर रहे श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। बड़े श्रृंगारिया की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

विज्ञापन


ये है पूरा मामला
विंध्यवासिनी मंदिर में शुक्रवार की रात यजमान को दर्शन कराने को लेकर बड़े शृंगारिया और उनके बेटे से कुछ तीर्थ पुरोहितों से विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इससे झांकी दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई।

पाकरतर निवासी बड़े श्रृंगारिया विश्व मोहन मिश्रा उर्फ शिवजी ने तहरीर देकर बताया कि वह गर्भगृह में अपने बेटे शिवांजू मिश्रा के साथ मां के शयन की तैयारी कर रहे थे। रात 11:55 बजे अमित पांडेय अपने भाई सुमित पांडेय, नवनीत पांडेय व कुछ अन्य लोगों के साथ गर्भगृह में घुसकर काम में अवरोध उत्पन्न करने लगे। 
विज्ञापन


उनका कहना था कि जब तक पूजा-पाठ नहीं कर लूंगा, तब तक माता का शयन नहीं होगा। मना करने पर अमित पांडेय अपने भाइयों और अज्ञात लोगों के साथ उनके साथ मारपीट करने लगे। दर्शनार्थी और सेवक ने बीच-बचाव किया, जिससे उनकी जान बच सकी।

आरोप लगाया कि आरोपी उनके बेटे की सोने की चेन और रुद्राक्ष की माला छीन ले गए। साथ ही धमकी दी कि शिकायत करोगे तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।

एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि अमित पंडा अपने साथियों के साथ कुछ लोगों को दर्शन कराने पहुंचा था, जिस पर विवाद और मारपीट हुई। बताया कि बड़े श्रृंगारिया विश्व मोहन मिश्रा की तहरीर पर अमित पांडेय, सुमित पांडेय, नवनीत पांडेय व कुछ अज्ञात के खिलाफ मारपीट, लूट, धमकी देने, शांतिभंग समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 

इसे भी पढ़ें; UP: वाराणसी में दो पक्षों में मारपीट, खून से लथपथ पिता को देख चिल्लाती रही बेटी; तलवार से हमला करते रहे हमलावर

गर्भगृह में होती रही मारपीट मूक दर्शक बनी रही पुलिस
गर्भगृह में हुई मारपीट की घटना ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। आखिर मंदिर में यजमानों का प्रवेश और फिर मारपीट की घटना के दौरान पुलिस कहां थी। इतना ही नहीं गर्भगृह में हुई घटना में लूट का प्रयास की भी धारा लगी है। ऐसे में पुलिस की मौजूदगी में डकैती का प्रयास होना भी प्रशासनिक व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाती है। मंदिर परिसर में, प्रवेश व निकास द्वार, गर्भगृह में पुलिस की ड्यूटी रहती है। उसके अलावा आस पास बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती होती है। वायरल वीडियो में एक सिपाही दिखाई दे रहा है पर वह भी मूक दर्शक बना हुआ है।

शयन आरती में मनमानी से कई तीर्थ पुरोहित नाराज
शयन आरती में मनमानी को लेकर तीर्थपुरोहितों का एक धड़ा नाराज है। उनका कहना है कि शयन आरती के दौरान मनमानी की जाती है। इस दौरान केवल चुनिंदा लोगों को ही प्रवेश मिल पाता है। वहीं दूसरे तीर्थप्रोहित्तों के साथ पराया व्यवहार किया जाता है। मनमानी की शिकायत जिला प्रशासन तक भी पहुंची है। व्यवस्था में सुधार को लेकर जल्द ही बैठक हो सकती है।
विज्ञापन

अमित पांडेय पर दर्ज हैं 21 से ज्यादा मुकदमे
अमित पांडेय पर 21 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। 2012 में रामवृक्ष वर्मा से मारपीट के मामले में तीन वर्ष की सजा सुनाई गई थी। कोरोना काल में पुलिसकर्मियों द्वारा रोकने पर मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी प्रकार दरोगा पर जानलेवा हमला करने सहित सिपाहियों से लड़ाई को लेकर भी मुकदमा दर्ज हो चुका है। जुलाई 2020 में अमित पांडेय ने श्रृंगारिया परिवार पर गर्भगृह में धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया था। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने की आलोचना विंध्याचल मंदिर के गर्भगृह में हुई घटना का वीडियो पूरे दिन सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा हजारों लोगों ने न केवल इस वीडियो को देखा वल्कि इसकी निंदा की और कठोर कार्रवाई करने की बात भी कही। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव भी साझा किया। फेसबुक से लेकर ट्विटर, व्हाटसऐप पर यह वीडियो व संबंधित जानकारी साझा होती रही। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें