होली के त्योहार पर नगर सहित जनपद के ग्रामीण अंचलाें में जगह-जगह फगुआ गीत-गवनई का आयोजन किया गया। समूह बनाकर लोगों ने होली खेले रघुवीरा..के साथ ही कई अन्य हिंदी और भोजपुरी गीतों की प्रस्तुतियों ने फागुनी बयार बहाई।
होरमोनियम और मंजीरा सहित ढोलक की थाप पर प्रस्तुत किए गए होली गीतों पर लोगाें ने जमकर ठुमके लगाए। मुहल्लों के बुजुर्गों ने भी टोली में बैठकर होली गीताें का आनंद उठाया। होली गीताें से पूरा वातवारण होलीमय हो रहा था।
नगर पंचायत कछवां के जमुआ बाजार में होली के दिन लट्ठमार होली खेली गई। इस अवसर पर जमुआ बाजार से युवाओं की टोली ने जुलूस निकाला, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए मां दुर्गा मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुआ।
युवाआें की टोली पर लोगाें ने अपने छताें से रंगों की बरसात कर उनका उत्साहवर्धन किया। युवाआें की टोली में शामिल करीब सौ लोगाें ने बड़े ही उत्साह और उमंग के बीच लट्ठमार होली खेली। लट्ठमार होली का नजारा देखने को बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।