पोस्टमार्टम पर मौजूद हादसे में मृत रामबाबू के परिजन। स्रोत- संवाद
लालगंज। वाराणसी–रीवां हाईवे पर सोमवार की देर रात बहेरा नाला के पास ऑटो की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने रामबाबू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुत्र का इलाज चल रहा है।
विंध्याचल के कलना गहरवार गांव निवासी रामबाबू (40) लालगंज स्थित एक प्लांट पर टीपर चलाते थे। उनकी बहन ज्ञान देवी के समधी राम अभिलाख की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। सोमवार को तेरहवीं थीं। रामबाबू अपने बेटे शिवपूजन (10) के साथ तेरहवीं में शामिल होने गए थे। सोमवार की देर रात वहां से घर लौट रहे थे। वह बाइक से लालगंज के बहेरा नाला के पास पहुंचे। तभी गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। घटना के बाद चालक ऑटो छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को लालगंज सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख पिता-पुत्र को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने रामबाबू को मृत घोषित कर दिया। घायल शिवपूजन का उपचार चल रहा है। मृत युवक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई थी। पुत्र घायल हुआ था।