प्रधान और सदस्य पद के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मतगणना रविवार को होगी।
शांतिपूर्ण मतगणना के लिए जिला प्रशासन दिन भर तैयारी में जुटा रहा। प्रधान और सदस्य पद के लिए मतगणना एक साथ होगी। 12 ब्लाकों में 384 टेबुलों पर मतगणना होगी।
मतगणना की पारदर्शिता के लिए स्ट्रांग रूम खुलते ही वीडियोग्राफी शुरु हो जाएगी। मतगणना कक्ष में प्रत्येक टेबुल पर उम्मीदवार या निर्वाचन अभिकर्ता या उसके मतगणना अभिकर्ता तीनों में से एक व्यक्ति ही एक समय में रहेगा।
साथ ही किसी भी वीआईपी अथवा सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को मतगणना अभिकर्ता नहीं बनाया जाएगा।
जिले में न्याय पंचायतवार मतगणना सभी विकास खंडों में निर्धारित मतगणना स्थल पर होगी। जिसके लिए न्याय पंचायतवार टेबुल लगाया गया है।
जिले के 12 ब्लाकों में 105 न्याय पंचायतों में 809 ग्राम पंचायत और 10471 सदस्यों के लिए मतगणना होगी। मतगणना के लिए पहले शिफ्ट में 384 तथा द्वितीय शिफ्ट में 210 टेबुल लगाई गई है।
जिसमें पहली शिफ्ट में सिटी में 39, कोन में 23, मझवां में 25, सीखड़ में 22, छानबे में 50, लालगंज में 29, हलिया में 31, पहाड़ी में 23, पटेहरा कला में 22, राजगढ़ में 36, नरायनपुर में 42 और जमालपुर में 42 सहित 384 टेबुल लगाए गए हैं।
मतगणना सिटी में राजकीय पालिटेक्निक बथुआ, कोन में मिश्रीलाल इंटर कालेज, पहाड़ी में शिवलोक श्रीनेत्र कपसौर, छानबे में महाशक्ति इंटर कालेज बिहसड़ा, मझवां में राजकीय बालिका इंटर कालेज मझवां, सीखड़ में श्रीशिवाजी नेशनल इंटर कालेज हांसीपुर में होगी।
वहीं विकास खंड लालगंज में बापू उपरौध इंटर कालेज, हलिया में पंचशील महाविद्यालय मवईकला, पटेहरा कला में जवाहर नवोदय विद्यालय, नरायनपुर में कन्या नेहरु कन्या इंटर कालेज शिवशंकरीधाम, जमालपुर में श्रीमती देवकली इंटर कालेज तथा राजगढ़ में किसान इंटर कालेज में बैलेट बाक्सों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है।