किसानों ने बीज के अनुदान की राशि का भुगतान नहीं होने पर शनिवार की दोपहर में किसानों ने सरकारी बीज गोदाम जमालपुर पर प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। किसानों द्वारा सरकारी बीज गोदाम से अक्तूबर-नवंबर माह वर्ष 2015 में गेहूं के बीज अनुदान पर लिए थे, लेकिन गेहूं की समुचित कीमत लिया गया था।
किसानों को बताया गया था कि प्रति बोरी आठ सौ रुपया गेहूं की अनुदान राशि है, जिसके लिए किसानों से बाकायदा खेत की खतौनी, बैक पासबुक की कापी एवं आईडी लिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी किसानों के खाते में अनुदान की धनराशि नहीं पहुंची, जिससे किसानों में आक्रोश है।
किसानों को एक बार पुन: प्रलोभन देकर रबी की बुवाई के लिए गेहूं के बीज की बिक्री की जा रही है। क्षेत्र के रसूलपुर गांव के किसान हरश्चिंद्र सिंह, जमालपुर के गोपीनाथ, हसौली के गुप्त नाथ, सरसा के गजानंद, चौबेपुर के बृजनाथ चौबे, बिसुनपुरा के पन्ना लाल सिंह आदि किसान सरकारी बीज गोदाम से अनुुदान के नाम पर बीज का पूरा दाम देने से कतरा रहे हैं। ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कहा गया कि यदि जल्द से जल्द से पुराना अनुदान का भुगतान कराया जाए तभी नया गेहूं का बीज लिया जाएगा। इस संबंध में किसानों ने मांग को लेकर पत्रक बीज गोदाम के प्रभारी श्याम बिहारी वर्मा को दिया। प्रभारी ने बताया कि किसानों के अनुदान संबंधित भुगतान की पत्रावली जिले पर भेज दी गई है।