हाइवे की सुरक्षा पांच जोन में बांटकर की जाएगी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने एक टीम गठित की है। जो हाइवे पर होने वाली वारदातों की पेट्रोलिंग कर रोकने का काम करेगी। भ्रमण कर रही टीम की निगरानी के लिए भी एक टीम लगाया गया है जो प्रतिदिन टीम की कार्यशैली की रिपोर्ट अगले दिन कंट्रोल रूम को देंगी।
बता दें कि नेशनल हाइवे पर अक्सर ट्रक चालकों व व्यापारियों से लूटपाट कर उनकी हत्या करने की घटना प्रकाश में आती रही है। जिसपर क्षेत्रीय पुलिस लगाम नहीं लगा पाती है। इसको देेखते हुए घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने निर्णय लिया। उन्होंने हाइवे की सुरक्षा पांच जोन में बांटकर करने को कहा। प्रत्येक जोन का क्षेत्रफल निर्धारित कर दिया ताकि गठित टीम को भ्रमण कर वारदात को रोकने में आसानी हो।
जिसमें पहले जोन का भरूहना से नरायनपुर तक, दूसरे का राबर्ट्सगंज बरौधा तिराहा से राजगढ़ तक, तीसरे का बथुआ तिराहे से लालगंज तक चौथे का बथुआ तिराहे से इलाहाबाद बार्डर तक। वहीं पांचवें जोन का शास्त्रीपुल से औराई व चेतगंज तक क्षेत्रफल बांटा गया है। प्रत्येक जोन में रात को एक थाना प्रभारी की ड्यूटी लगाई गई है।
जो रात में होटल, ढाबा व वाहनों की चेकिंग कर लूट व हत्या की घटनाओं को रोकने का काम करेंगे। थाना प्रभारियों की लगाई गई ड्यूूटी की निगरानी प्रतिदिन एक राजपत्रित अधिकारी करेंगे। निगरानी करने वाले अधिकारी अगले दिन पूरे कार्य की रिपोर्ट कंट्रोल को अवगत कराएंगे। कंट्रोल पुलिस अधीक्षक को जानकारी देने का काम करेगा।
एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि हाइवे की सुरक्षा के लिए पांच जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन का क्षेत्रफल बांटा गया है। हाइवे पर होने वाली घटनाओं की रोकथाम के लिए एक टीम गठित की गई है। जो भ्रमण कर वारदातों को रोकने का काम करेगी।