ड्रमंडगंज। क्षेत्र के बंजारी कला गांव में बृहस्पतिवार की रात आठ बजे दुकान पर सामान लेने जा रहे एक किसान को स्कूटी सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे किसान गंभीर रुप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
क्षेत्र के बंजारी कला गांव निवासी पन्ना लाल धरिकार (58) बृहस्पतिवार की आठ बजे रात दुकान पर सामान लेने जा रहे थे। उसी दौरान रिश्तेदारी में आए मध्य प्रदेश के सीधी जिला निवासी स्कूटी चालक राम प्रताप ने पीछे से उनको टक्कर मार दी। स्कूटी की टक्कर से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल किसान को प्रधान प्रतिनिधि संजय सिंह अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए। वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में आई गंभीर चोट को देखते हुए रेफर कर दिया। घायल किसान को परिजन प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में दम तोड़ दिया। वे खेतीबारी और मेहनत मजदूरी कर परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। उनके तीन पुत्र हैं। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि किसान की पत्नी पुतली देवी की तहरीर पर स्कूटी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्कूटी चालक को हिरासत में लेकर घटना की जांच की जा रही है।
वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
लालगंज। थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी क्षेत्र के महुअट पेट्रोल पंप स्थित नेशनल हाईवे के पास बृहस्पतिवार को किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लालगंज थाना क्षेत्र के सहजी गांव निवासी विजय शंकर पांडेय पंचायत विभाग में सफाई कर्मचारी हैं। विजय शंकर पांडेय ने बताया कि छोटे संदीप पांडेय को किसी परीक्षा में शामिल होने के लिए शुक्रवार को भोपाल पहुंचना था। बृहस्पतिवार को बड़े पुत्र रंजीत पांडेय (26) छोटे भाई संदीप पांडेय को हनुमना मध्य प्रदेश से छोड़कर घर लौट रहे थे। लालगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी-रीवां नेशनल हाईवे पर महुअट गांव में स्थित पेट्रोल पंप के पास किसी वाहन से टक्कर हो गई। इससे रंजीत की मौके पर मौत हो गई। रंजीत की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उसे सात माह का बच्चा है। रंजीत के चाचा उदयानंद पांडेय की तहरीर पर लालगंज पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है। लालगंज थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि हाईवे पर किसी वाहन से टक्कर के बाद युवक की मौत हो गई है। मृतक के चाचा ने तहरीर दी है। घटना की जांच की जा रही है।