राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में विजयी मिर्जापुर के मोहम्मद फैजान। स्रोत- सोशल मीडिया
तीन कांस्य और एक रजत पदक हासिल किया, बेंगलुरु में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स संघ की ओर से नोएडा स्थित देवासम स्केटिंग ट्रैक पर 22 से 25 अक्तूबर तक आयोजित 12वीं राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में मिर्जापुर मंडल के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मोहम्मद फैजान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीते। तीन कांस्य और एक रजत पदक हासिल किया।
जिला स्केटिंग कोऑर्डिनेटर समर्पित कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 2000 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में रोड रेस और ट्रैक रेस में भाग लिया। मिर्जापुर मंडल के 10 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें सात्विक टंडन, विराट गुप्ता, सत्यम यादव, आराध्या सिंह, अक्षांश सिंह, मोहम्मद फैजान, निवि अग्रवाल और वेदप्रीत सिंह शामिल रहे। प्रतियोगिता में मोहम्मद फैजान ने चार पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। सत्यम यादव पदक से चूक गए। सात्विक टंडन का प्रदर्शन भी शानदार रहा। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी पांच नवंबर को बेंगलुरु में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्केटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।