हलिया। विपणन केंद्र मवई कला प्रथम, द्वितीय और तृतीय पर इस वर्ष गेहूं खरीद में रिकॉर्ड दर्ज की गई है। अब तक 151 किसानों से 6762 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। वहीं 490 किसानों से संपर्क कर टोकन जारी किए गए हैं। हर कार्य दिवस पर किसानों से गेहूं की खरीद की जा रही है।
क्रय केंद्र के प्रभारी शिवम सिंह और सुधीर कुमार यादव ने बताया कि मवई कला प्रथम केंद्र पर 59 किसानों से 2047 क्विंटल 50 किलो, द्वितीय केंद्र पर 49 किसानों से 2322 क्विंटल तथा तृतीय केंद्र पर 53 किसानों से 2392 क्विंटल 50 किलो गेहूं की खरीद हुई है। किसानों की सुविधा के लिए प्रतिदिन टोकन के आधार पर खरीद की जा रही है। किसानों की सूची भी जारी की जा रही है। पिछले वर्ष पूरे सीजन में 14 हजार 158 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 6762 क्विंटल खरीद हो चुकी है। मई के अंत और जून माह अभी शेष हैं, ऐसे में खरीद का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
केंद्र प्रभारियों के अनुसार भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप तथा शादी-विवाह और मांगलिक कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण किसान अभी पूरी क्षमता से गेहूं क्रय केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसके बावजूद अधिकारी लगातार किसानों से संपर्क कर उन्हें केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।