जिले की सभी चार तहसीलों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने चुनार, एडीएम शिवप्रताप शुक्ल ने मड़िहान व एडीएम नमामि गंगे अमरेंद्र कुमार वर्मा ने सदर तहसील में लोगों की समस्याओं की सुनवाई की। चुनार में सात अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित रहे। समाधान दिवस पर अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई प्रखंड चुनार का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही उनसे तथा अन्य अनुपस्थित कर्मचारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा है।
चुनार तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में आये फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने की। इस दौरान 175 प्रार्थना पत्र आये। जिसमें से मौके पर सिर्फ पांच का निस्तारण हो पाया। सिंधोरा गांव निवासी रतन देवी ने प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि चुनार तहसील के भौरहीं गांव से सटे हुए पहाड़ी ब्लॉक के सिंधोरा गांव में उनकी आराजी है। आरोप लगाया कि क्षेत्रीय लेखपाल व विद्युत निगम के अधिकारी मिलीभगत कर बिजली का पोल व तार उनकी आराजी की जमीन से ले जाने के लिए दबाव बना रहे हैं। सुरहां गांव निवासी संदीप कुमार ने प्रार्थना पत्र दिया कि ग्राम सभा में स्थित आराजी नंबर 402 में एक बिस्वा का आवासीय पट्टा उनके नाम किया गया है लेकिन सीमांकन नहीं होने के चलते कब्जा नहीं मिल पा रहा है। इसी प्रकार सीखड़ ब्लॉक के बिट्ठलपुर गांव निवासी अमित कुमार पांडेय ने शिकायती प्रार्थना दिया कि प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित तालाब में प्रधान नाले का गंदा पानी गिराने पर आमादा हैं। जेसीबी से जमीन की खुदाई की जा चुकी है और केवल पाइप लगना बाकी है। इसे रोका जाना जरूरी है। सेटेलमेंट एरिया निवासी श्मामा देवी ने शिकायती प्रार्थना दिया कि जगदीशपुर उर्फ टम्मलगंज में उनकी बैनामा की भूमि है, जिस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। समाधान दिवस के दौरान सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसपी अजय कुमार, सीएमओ डॉ राजीव सिंघल, एसडीएम चुनार नीरज प्रसाद पटेल, तहसीलदार अरुण कुमार गिरि, पुलिस उपाधीक्षक रामानंद राय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चुनार राजपति बैस, खंड विकास अधिकारी नरायनपुर पवन कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, मड़िहान तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस से बिना सूचना अनुपस्थित रहे आठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अपर जिलाधिकारी शिवप्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस पर 43 फरियादी शिकायत पत्र लेकर पहुंचे। इनमें से 10 शिकायती पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग से संबंधित पक्की पैमाइश में सुविधा शुल्क मांगने के आरोप में राजस्व निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव व विजय कांत पांडेय को तलब किया गया। वृद्धा, निराश्रित, दिव्यांग पेंशन से संबंधित शिकायत के निस्तारण के लिए समाज कल्याण विभाग से समाधान दिवस पर कोई नही पहुंचा था। इस पर एडीओ कोआपरेटिव को कड़ी फटकार लगाई गई। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने तहसील पहुंचकर फरियादियों के मामलों के निस्तारण की जानकारी ली। पता चला कि रजौहां गांव निवासी नरेंद्र प्रसाद शर्मा भूमि की पैमाइश लिए एक साल से तहसील का चक्कर काट रहे हैं। सिरसी गांव के शंकर प्रसाद का खतौनी में नाम गलत अंकित हो गया था, जिसका संशोधन तत्काल कराने के लिए रजिस्ट्रार कानूनगो को निर्देशित किया गया। एडीएम शिव प्रताप शुक्ला के अलावा तहसीलदार नूपुर सिंह, एडिशनल एसपी महेश कुमार अत्री, खंड विकास अधिकारी अजय कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर शैलेश कुमार राय, आपूर्ति निरीक्षक विनोद कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।