सीओ ने दिए सुरक्षा के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। कुशियरा जलप्रपात पर हाल में हुई घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर ने निर्देश दिया है कि शाम पांच बजे के बाद किसी भी पर्यटक को जलप्रपात क्षेत्र में नहीं जाने दिया जाए और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलप्रपात पर आने वाले लोगों को गहरे पानी, फिसलन वाले स्थानों और एकांत क्षेत्रों में जाने से रोका जाए। किसी भी पर्यटक को अकेले जलप्रपात की ओर नहीं जाने दिया जाए और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
देर शाम बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को जलप्रपात की ओर न जाने दिया जाए। नशे की हालत में किसी भी व्यक्ति को जलप्रपात में स्नान करने की अनुमति न दी जाए। इन निर्देशों का कड़ाई से पालन कराकर पर्यटन स्थल को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखा जाए, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।