विधानसभा चुनाव में भागीदारी के लिए जिले में बृहस्पतिवार को नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिये कलेक्ट्रेट परिसर में अलग-अलग नामांकन कक्ष बनाए गए हैं। इस बीच नामांकन के पहले दिन बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र तथा जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार नामांकन कक्षों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उधर, नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर व नामांकन कक्ष के बाहर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिटर्निंग अफसर के पास रखे नामांकन रजिस्टर व अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने जिलाधिकारी को सुरक्षा व्यवस्था व नामांकन प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेंद्र कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर अश्वनी कुमार सिंह, भरत लाल सरोज के अलावा के नामांकन कक्ष मिर्जापुर विधानसभा में रिटर्निंग अफसर, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, विधानसभा मझवां में उप जिला मजिस्ट्रेट सदर चंद्रभान सिंह, विधानसभा चुनार उप जिला मजिस्ट्रेट नीरज प्रसाद पटेल, मड़िहान में उप जिला मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ यादव तथा छानबे उप जिला मजिस्ट्रेट लालगंज विजय नरायन सिंह आदि उपस्थित रहे।