कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के जिला अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। इसमें स्कूल चलो अभियान के तहत नये नामांकन की स्थिति, यू डायस पोर्टल पर डाटा इंट्री, आपरेशन कायाकल्प, जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण, आउट आफ स्कूल बच्चों के चिन्हांकन की स्थिति, हाउस होल्ड सर्वे के अंतर्गत बच्चों का नवीन कक्षाओं में नामांकन कराने की स्थिति मध्याह्न भोजन, आधार नामांकन के सत्यापन, विद्युत एवं पेयजल कनेक्शन की स्थिति आदि बिंदुओं पर हुई प्रगति की समीक्षा कर जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में पढ़ाये जाने वाले पाठ्यक्रमों में प्रत्येक विषयों के पठन पाठन पर ध्यान दिए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि आउट आफ स्कूल बच्चों का अध्यापकों द्वारा घर-घर जाकर चिन्हांकन किया जाय तथा हाउस होल्ड सर्वे के अन्तर्गत बच्चों को नवीन कक्षाओं में नामांकन कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह कार्य 30 जून तक पूरा करने की हिदायत दी। जिलाधिकारी ने कहा कि एमडीएम में बनने वाले भोजन व प्रयुक्त होने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण हो, किचन के आस पास सफाई हो तथा खाना खाने के लिये बच्चों को बैठने, खाना खाने आदि के संबंध में शिष्टाचार भी सिखाया जाना चाहिए। यू-डायस पोर्टल पर डाटा इंट्री की प्रगति कम होने पर जिलाधिकारी ने सभी सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही तत्काल डाटा इंट्री कराने का निर्देश दिया। आपरेशन कायाकल्प के बारे में जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूलों में पुन: सर्वे कर पेयजल, शौचालय, विद्युत कनेक्शन आदि के बारे में परीक्षण कर लिया जाना चाहिए। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कुल 269 जर्जर भवनों में से तकनीकी समिति द्वारा पांच का निरीक्षण किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने अन्य 264 जर्जर विद्यालय भवनों का भी स्थलीय सत्यापन कराने का निर्देश दिया। विद्युत बिलों के भुगतान के संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया। बीएसए ने बताया कि 1806 विद्यालयों में से 1520 विद्यालयों में पेयजल के लिए कनेक्शन हो चुका है। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राजीव सिंघल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी अरविंद कुमार सहित सभी सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।