मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के डंकीनगंज चौकी के पास टीन शेड और चबूतरा से लग रहे जाम की समस्या की शिकायत व्यापारियों ने नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा से की। नगर विधायक ने सुबह पुलिस अधिकरियों से टीन शेड हटाने की बात कही, शाम तक टीन शेड न हटने पर नगर विधायक मौके पर पुहंचे। उनके साथ पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौकी प्रभारी पर अतिक्रमण करने और व्यापारियों का शोषण करने का आरोप लगाया। मामला बढ़ता देखकर सीओ सिटी, कटरा कोतवाल मौके पर पहुंचे। इसके बाद टीन शेड को हटवाया गया। डंकीनगंज चौकी सड़क पर बनी है। डंकीनगंज चौकी प्रभारी ने चौकी के आगे 10 फीट का टीन शेड बनाया और उसके अंदर बैठने के लिए चबूतरे का निर्माण करा दिया। डंकीनगंज चौकी सड़क पर होने के कारण अक्सर वहां पर जाम लगता रहता है। शेड बनने के कारण जाम की समस्या बढ़ रही थी। इसे देखते हुए व्यवसायियों ने चौकी प्रभारी से टीन शेड न बनाने की बात कही थी, पर चौकी प्रभारी नहीं माने। इसके बाद व्यवसायियों ने इसकी शिकायत नगर विधायक से की। नगर विधायक ने पुलिस अधिकारियों से जनहित में टीन शेड को हटवाने की बात कही, पर शाम तक टीन शेड नहीं हटाया गया, इस पर नगर विधायक और पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। विधायक की नाराजगी को देखते हुए मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने टीन शेड को हटवाया। नगर विधायक ने कहा कि डंकीनगंज व्यस्त मार्ग है। टीन शेड से जाम बढ़ गया था, इसलिए उसे हटाने के लिए कहा गया है।
विधायक ने कहा कि व्यापारियों से होती है वसूली
मिर्जापुर। चौकी के बाहर टीन शेड हटवाने पहुंचे नगर विधायक ने चौकी प्रभारी पर आरोप लगाया कि व्यापारियों से हजार से 10 हजार तक ले लेते हैं। सड़क घेर रहे हैं। दो घंटे से कार्यकर्ताओं को बुलाकर धमका रहे हैं। चौकी प्रभारी की इतनी हैसियत। विधायक ने कहाकि चौकी प्रभारी प्रोटोकाल का पालन नहीं करते हैं, विधायक रोड से गुजरते है तो मुंह दूसरी ओर कर लेते हैं।
चौकी पर शेड नहीं था, आरक्षियों को शेड की जरूरत थी। शेड को बढ़ा कर बना लिया गया था। इससे रोड पर यातायात में परेशानी हो रही थी। इसकी जानकारी होने पर सीओ सिटी को भेजकर उसे हटवा लिया गया है, कोई विवाद की स्थिति नहीं है।
संजय कुमार, एएसपी सिटी