मिर्जापुर। जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सीडीओ विशाल कुमार ने सदर तहसील में फरियाद सुनी। यहां कछवां के गड़ौली निवासी रामकरन बिंद ने कहा कि सार्वजनिक रास्ते पर लोगों ने कब्जा कर लिया है। इससे आने-जाने में परेशानी होती है। एसडीएम कोर्ट से आदेश होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। चारों तहसील में 262 शिकायतें आईं, जिनमें से 17 का निपटारा हुआ।
सदर तहसील में 97 मामले आए, जिनमें से 11 का निस्तारण किया गया। सीओ सदर अमर बहादुर, डीडीओ श्रवण कुमार राय, जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम, बीएसए अनिल कुमार वर्मा व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी थे। चुनार: तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी भू राजस्व सत्यप्रकाश सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।भुईली परगना के चंदौली गांव निवासी रामकेश ने शिकायती प्रार्थना पत्र दिया कि ग्राम पंचायत में तालाब, खलिहान व गड़ई के रूप में अंकित भूमि पर गांव के कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है।
इसका विरोध करने पर अवैध कब्जाधारी गाली गलौच व मारपीट पर उतारू हो जा रहे हैं। जिस पर सीआरओ ने तहसीलदार चुनार, बीडीओ जमालपुर व थानाध्यक्ष जमालपुर को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिया। कुल 49 प्रार्थना पत्र पडे।
जिसमें मौके पर दो का निस्तारण हुआ। इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार योगेन्द्र शरण शाह, पुलिस उपाधीक्षक मंजरी राव सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। लालगंज: एडीएम नमामि गंगे देवेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।
इसमें 81 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए और जिनमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों के लिए तहसीलदार दीक्षा पांडेय ने राजस्व एवं पुलिस टीम गठित कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी, वन क्षेत्राधिकारी, राजस्व निरीक्षक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
मड़िहान: एसडीएम हेमंत कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। कुल 35 मामले आए जिनमें से एक भी निस्तारित नहीं हुआ। तहसीलदार आशीष कुमार पांडेय व अन्य थे।