मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को मतगणना चुनाव ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों के प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को मतगणना कक्ष, प्रत्याशियों और अभिकर्ताओं के प्रवेश के लिए बैरिकेडिंग तथा बैठने आदि की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को प्रशिक्षण तथा मतगणना स्थल पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बथुआ स्थित पाॅलिटेक्निक में उन्होंने मतदान के बाद प्राप्त पोस्टल बैलेट पेपर की मतगणना के लिए बनाए जाने वाले कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मतगणना कक्ष में प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं के प्रवेश के लिए बैरिकेडिंग तथा बैठने की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। उन्होंने मतगणना टेबल के सामने सुरक्षा जाली आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशिक्षण और मतगणना स्थल पर शुद्ध पेयजल एवं शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की हिदायत दी। राजकीय इंटर काॅलेज में निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदानकर्मियों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण, ईवीएम तथा वीवी पैट के लिए तैयार किए जा रहे स्थल एवं कक्ष का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रभारी अधिकारी कार्मिक मुख्य विकास अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि मतदान कार्मिकों को इस बार ईवीएम तथा वीवी पैट के संचालन के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, ताकि एक ही स्थान से प्रोजेक्टर पर देखकर सभी कार्मिक प्रशिक्षण प्राप्त कर उसका संचालन कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को 124 ईवीएम व वीवी पैट, मास्टर ट्रेनर तथा 55 सामान्य मास्टर ट्रेनर अलग-अलग शिफ्ट में प्रशिक्षण देंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण स्थल पर कार्मिकों के लिए शुद्ध पेयजल, ओआरएस घोल, शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर एंबुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराने को कहा। इस दौरान विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी भरत लाल सरोज, जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय, जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह आदि मौजूद रहे।