लहुरियादह में हाथी द्वारा पैरों से रौंदी गई मक्के की फसल। संवाद
ड्रमंडगंज। बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से ड्रमंडगंज वन रेंज के कटरा जंगल पहुंचे जंगली हाथियों का जोड़ा बुधवार की रात लहुरियादह गांव की यादव बस्ती में पहुंच गया। हाथियों ने नचकऊ यादव समेत कई किसानों के खेतों में मक्के की फसल रौंदकर नष्ट कर दी। फसल की रखवाली के लिए बना मचान और चारपाई भी तोड़ दी।
हाथियों को देखकर नचकऊ यादव के खूंटे से बंधी नौ भैंस पगहा तोड़कर भाग गईं। आठ वापस लौट आईं, जबकि एक भैंस का पता नहीं चल सका। हाथियों ने ज्ञानवती, रानी यादव और गुलबिया के खेतों में भी मक्के की फसल को नुकसान पहुंचाया। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण पूरी रात दहशत में जागते रहे। सूचना पर रेंजर रविशंकर शर्मा, वन दारोगा सर्वेश्वर पटेल और वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी समेत वन विभाग की टीम रातभर गांव में डटी रही और ग्रामीणों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी। भोर में हाथियों का जोड़ा कटरा जंगल की ओर चला गया। रेंजर ने बताया कि बृहस्पतिवार को हाथी प्रयागराज के कोरांव वन रेंज के जंगलों की ओर चले गए। जीपीएस ट्रैकर से लगातार उनकी लोकेशन पर नजर रखी जा रही है।