मिर्जापुर। जिले के गोआश्रय स्थलों व पशु पालन विभाग की तरफ से संचालित योजनाओं की अब हर महीने समीक्षा व जांच होगी। इसके लिए पशु पालन विभाग के संयुक्त निदेशक झांसी डाॅ. पंकज पांडेय को जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
नोडल अधिकारी प्रतिमाह दो दिन जिले में रहकर गोआश्रय स्थल व अन्य योजनाओं की जांच करेंगे। जिले में कुल 49 गोआश्रय स्थल हैं, जिनमें 15432 गोवंश संरक्षित हैं। इसी वर्ष जनवरी माह में सोनबरसा गोआश्रय स्थल के पास से गोवंश तस्करी का मामला सामने आया था। उसमें पशुधन प्रसार अधिकारी से लेकर तत्कालीन डिप्टी सीवीओ लालगंज तक को निलंबित कर दिया गया था। अब शासन ने जिले के लिए नोडल अधिकारी की तैनाती कर दी है। वे नियमित रूप से जांच करेंगे और अपनी रिपोर्ट शासन को प्रेषित करेंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. भूपेंद्र कुमार पाठक ने कहा कि नोडल अधिकारी अब प्रतिमाह दो दिन जिले में रहकर गोआश्रय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।