मिर्जापुर। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में बिजली कर्मियों ने बृहस्पतिवार को काकोरी क्रांति के अमर शहीदों के बलिदान दिवस पर मुख्य अभियंता वितरण कार्यालय में निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया।
इस दौरान हुई सभा में आरके गौतम ने कहा कि ऊर्जा मंत्री के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सरकार और प्रबंधन से प्रेरणा मिले तो बिजली कर्मी बड़ा कीर्तिमान स्थापित करने में सक्षम हैं। वक्ताओं ने कहा कि पावर कॉरपोरेशन द्वारा दिए गए गलत और झूठे आंकड़ों के आधार पर विद्युत निगम का निजीकरण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि ऊर्जा मंत्री को पावर कॉरपोरेशन द्वारा दिए गए आंकड़ों की जांच करानी चाहिए।वक्ताओं ने कहा कि आरडीएसएस योजना के तहत हजारों करोड़ रुपये खर्च करने के बाद जब तेजी से सुधार हो रहा है तब पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगमों को निजी हाथों में सौंपने का कोई औचित्य नहीं है। वक्ताओं ने सरकार से निजीकरण के प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की। इस दौरान आरके गौतम के अलावा कई और लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने फतहां स्थित मुख्य अभियंता वितरण कार्यालय परिसर में पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह और राजेंद्र लाहिड़ी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।