मिर्जापुर। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अक्सौली के अवर अभियंता उमेश कुमार गौतम को अभद्र भाषा के प्रयोग पर निलंबित करने का निर्देश दिया गया है। भाजपा नेता से अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने मुख्य अभियंता को यह निर्देश दिया है। फिलहाल अवर अभियंता को विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय से संबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाजपा के पहाड़ी मंडल के अध्यक्ष राजेश सोनकर ने प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल से शिकायत की थी कि उनके मंडल के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता के अक्सौली उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता उमेश कुमार गौतम ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर गाली गलौच की। इस बातचीत का आडियो भी वायरल हो गया। इस बात की जानकारी जब राज्यमंत्री को हुई तो उन्होंने तत्काल इस पर एक्शन लिया और विद्युत वितरण मंडल के मुख्य अभियंता आरके श्रीवास्तव से अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद अवर अभियंता को तत्काल कार्यालय से संबद्ध कर उसके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी गई है। अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि जांच पूरी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता के गांव का ट्रांसफार्मर कई दिनों से फूंका था। उसके लिए वह अवर अभियंता से बार- बार कह रहा था। इसके बाद अवर अभियंता को जब कार्यकर्ता ने यह बताया कि वह भाजपा का कार्यकर्ता है तो अवर अभियंता आपे से बाहर हो गए और उसको गाली देने लगे। यह गाली रिकार्ड हो गई। राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा है कि इस प्रकार की हरकतें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।