मिर्जापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 29 अप्रैल को सोनभद्र में चौथे चरण का मतदान होना है। वहां शांतिपूर्ण व सकुशल मतदान संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिले से 360 कर्मी सोनभद्र रवाना हुए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व यूपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मतदान कर्मियों से भरी बसों को रवाना किया।
निर्वाचन कार्मिकों को चुनाव सकुशल संपन्न कराने व आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराए जाने के निर्देश दिए गए। सभी से निष्पक्ष मतदान कराने व ड्यूटी जिम्मेदारी पूर्वक करने को कहा। सभी मतदान कर्मियों को पहले ही चुनाव का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदान कर्मियों में 180 पीठासीन व 180 मतदान अधिकारी तृतीय शामिल हैं। सभी को 19 बसों से सोनभद्र रवाना किया गया। सभी सोनभद्र में 29 अप्रैल को चौथे चरण का मतदान संपन्न कराएंगे। मतदान के बाद रात को ही सभी कार्मिक वापस लौट आएंगे। सभी को कोरोना संक्रमण से बचाव के मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।