मिर्जापुर। जिले के दो नए थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बहुमंजिला इमारतें बनाई जाएंगी। राजगढ़ और ड्रमंडगंज थाने में आठ मंजिल की एक-एक इमारत बनाने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। नौ करोड़ रुपये से दोनों भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
दो वर्ष पहले जिले में तीन नए थाने संतनगर, राजगढ़ और ड्रमंडगंज बनाए गए थे। तीनों थानों में 50-50 पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है। इसमें प्रत्येक थाने 10-10 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। तीनों थानों में न तो थानाध्यक्ष के रहने की व्यवस्था है और न बाकी पुलिसकर्मियों के लिए आवास हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई पुलिसकर्मी तो थानों की बैरक में पुलिसकर्मी रहते हैं।
इसको देखते हुए संतनगर, राजगढ़ और ड्रमंडगंज थाना परिसर में आवासीय भवन के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
इनमें से राजगढ़ और ड्रमंडगंज थाने पर आठ मंजिला भवन बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी गई है। नौ करोड़ रुपये से दोनों थानों पर भवन बनाए जाएंगे। हर पुलिसकर्मी को दो बेडरूम, एक गेस्ट रूम और किचन आदि सुविधा से युक्त फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।