अदलहट(मिर्जापुर)। क्षेत्र के करमा गांव में बृहस्पतिवार की रात मुर्गा खाने से रिश्तेदार सहित एक ही परिवार के आठ लोग बीमार हो गए। स्थानीय चिकित्सालय में हालत में सुधार न होने पर सभी का लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय रामनगर वाराणसी में इलाज चल रहा है।
करमा गांव निवासी पूर्व प्रधान बाबूलाल का पुत्र गोविंद दो दिन पूर्व बोरवेल के कुंड में गिरकर चोटिल हो गया था। जिसको देखने बाबूलाल के दो साले, सरहज व बहू के नाना आए हुए थे। शाम को मेहमानों के दावत में मुर्गा बना था। रात नौ बजे भोजन करने के बाद घबराहट व मिचली होने पर लोग घबरा गए। सभी को स्थानीय चिकित्सालय में उपचार के लिए ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय रामनगर वाराणसी रेफर कर दिया गया। जहां सभी का उपचार चल रहा है।
बीमार लोगों में बाबू लाल (55), उनका पुत्र दीपक (25) वर्ष, पुत्र वधू आरती (22) वर्ष, पड़ोसी रमेश (34) वर्ष पुत्र बाबूनंदन निवासी करमा, बाबू लाल के दो साले रामजी (60) व उधम (42) निवासी जमालपुर नरायनपुर थाना अदलहाट, रामजी की (55) वर्षीय पत्नी व कन्हैया (75) वर्ष निवासी फरहदा थाना अहरौरा हैं। परिजनों के अनुसार मुर्गा स्थानी बाजार के पथरौरा स्थित मुर्गा फार्म से खरीदा गया था।