Mirzapur News: मिर्जापुर शहर में इमामबाड़ा स्थित ईदगाह में ईद की नमाज अदा की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की और एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
मिर्जापुर जिले में शनिवार को शांति और सौहार्द के पर्व ईद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। अकीदत मंदों ने मुल्क के अमन और चैन की दुआ मांगी। 30 दिनों के रोजे के बाद शनिवार को रोजेदारों ने मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की।
विज्ञापन
नगर में इमामबाड़ा स्थित ईदगाह में ईद की नमाज हुई। बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की और एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में मेला लगा रहा। खाने-पीने के सामान से लेकर बच्चों के खिलौने तक की दुकानें सजी रही और प्रशासनिक अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल भी चक्रमण करता रहा।
इसके साथ ही नगर की शीशे वाली मस्जिद, संकट मोचन, त्रिमुहानी, स्टेशन रोड, गंगाबाई की मस्जिद, कचहरी के पास की मस्जिद, गैवी घाट आदि जगहों की मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जगह-जगह लोगों ने ईद की नमाज अदा की। लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और सेवइयां खाई। हंसी-खुशी का माहौल रहा।