स्काउटिंग-गाइडिंग बच्चों के चारित्रिक विकास से जुड़ा हुआ एक शैक्षिक आंदोलन है। इसके क्रिया कलापों और विभिन्न सोपानों के प्रशिक्षणों द्वारा विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करने का प्रयास किया जाता है। यदि बच्चों में प्रारंभ से ही सदगुणों का विकास किया जाएगा तो बच्चे राष्ट्र के आदर्श नागरिक बनेंगे।
इसके क्रियाकलापों के द्वारा विद्यार्थियों में नि:स्वार्थ सेवा भावना को जागृत किया जाता है। उक्त बातें राजकीय इंटर कालेज में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट और गाइड के 61वीं जनपदीय स्काउट गाइड रैली के शुभारंभ अवसर पर जिला मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सिंह ने कही। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मजिस्ट्रेट ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि स्काउटिंग से नवयुवकों में बौद्घिक, सामाजिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक विकास होता है। साथ ही मानव सेवा के लिए उत्प्रेरित करती है। मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि इससे नवयुवकों में सामूहिक टीम एवं परस्पर प्रेम की भावना भी जागृत होती है।
यदि बच्चों में प्रारंभ से ही सद्गुणों का विकास किया जाए तो बच्चे राष्ट्र के आदर्श नागरिक बनेंगे। उन्होंने स्काउट गाइड का उत्साहवर्धन किया। डीआईओएस देवी सहाय तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया।